क्राइमन्यूज

कांसाबेल में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रक से 38 गौवंश मुक्त, चालक फरार

जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत कांसाबेल थाना क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी कर ले जाए जा रहे 38 गौवंशों को मुक्त कराया गया। पुलिस को 18 अप्रैल की सुबह करीब 4:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक में बड़ी संख्या में गौवंशों को भरकर नेशनल हाईवे-43 के रास्ते ले जाया जा रहा है। सूचना पर तत्काल बेला घाट में नाकाबंदी की गई, जहां संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा।

पुलिस टीम द्वारा पीछा किए जाने पर चालक ग्राम नारायण बहली के पास ट्रक छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें भूरे रंग की त्रिपाल से ढंके हुए 38 गौवंश ठूंस-ठूंस कर भरे मिले। पुलिस ने सभी गौवंशों को सुरक्षित बरामद कर पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया और तस्करी में प्रयुक्त ट्रक क्रमांक JH-02-BM-4221 को जब्त कर लिया।

मामले में थाना कांसाबेल में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस फरार आरोपी चालक और तस्करों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि गौ तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button