रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में एनएच-53 पर युवक से मारपीट कर मोबाइल, नकदी और जरूरी दस्तावेज लूटने वाले एक विधि से संघर्षरत बालक समेत तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अपराध दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर लूटा गया रियलमी पी2 प्रो मोबाइल, नगदी, चार एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी तथा वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद कर जब्त कर ली।
पुलिस के अनुसार ग्राम तेतला निवासी कमल प्रसाद जांगड़े ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 4 जुलाई की रात रायगढ़ से लौटते समय मां मंगला नर्सिंग कॉलेज के पास एनएच-53 पर तीन युवकों ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। सड़क पर गिरने के बाद आरोपियों ने मारपीट कर ₹2,500 नगद, रियलमी मोबाइल, एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज लूट लिए तथा मौके से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुसौर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर लूटा गया सामान और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की गई। शिनाख्ती परेड में पीड़ित ने आरोपियों की पहचान की, जिसके बाद उन्हें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में लूटपाट जैसे अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ऐसे अपराधियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाया जाएगा।
