क्राइमछत्तीसगढ़

जशपुर पुलिस के विवेचकों को मिले 104 स्मार्ट मोबाइल, तकनीक से होगी आधुनिक और प्रभावी विवेचना

जशपुर। पुलिस मुख्यालय रायपुर द्वारा ASUMP Scheme 2025-26 (Modern/Special Plan) के तहत विवेचना कार्य को तकनीक-सक्षम बनाने के उद्देश्य से जशपुर जिले के लिए सैमसंग कंपनी के 104 स्मार्ट मोबाइल उपलब्ध कराए गए हैं। इन मोबाइलों का वितरण 6 जुलाई 2026 को पुलिस कार्यालय जशपुर के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने जिले के सभी विवेचकों को किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी बगीचा दिलीप कुमार कोसले, एसडीओपी पत्थलगांव धुर्वेश कुमार जायसवाल और उप पुलिस अधीक्षक भावेश समरथ उपस्थित रहे।

डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से विवेचना की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा। स्मार्ट मोबाइल के माध्यम से विवेचक घटनास्थल का फोटो एवं वीडियो दस्तावेजीकरण, ई-साक्ष्य संकलन, गवाहों के बयान का डिजिटल रिकॉर्ड, जब्ती की प्रक्रिया का फोटो-वीडियो रिकॉर्ड तथा अन्य आवश्यक डिजिटल साक्ष्यों का सुरक्षित और व्यवस्थित संकलन कर सकेंगे। इससे विवेचना अधिक पारदर्शी, प्रभावी और वैज्ञानिक बनेगी।

उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों पर आधारित विवेचना न्यायिक प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाएगी। डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध मजबूत प्रमाण प्रस्तुत किए जा सकेंगे, जिससे न्यायालय में अपराध सिद्ध करने और दोषियों को दंड दिलाने में सहायता मिलेगी। यह पहल जशपुर पुलिस की तकनीक-आधारित विवेचना व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिससे अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता बढ़ेगी और पीड़ितों को त्वरित एवं प्रभावी न्याय मिल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button