
रायपुर। सुशासन तिहार के तहत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर लोगों के लिए राहत और सुविधाओं का बड़ा माध्यम बन रहे हैं। शासन की योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंच रहा है, जिससे आम जनता में जागरूकता बढ़ने के साथ समस्याओं का त्वरित समाधान भी हो रहा है।
राजनांदगांव शहर के शंकरपुर स्कूल में वार्ड क्रमांक 7, 9 और 10 के लिए आयोजित शिविर में पहुंची पुष्पकला मेश्राम को मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच और उपचार की सुविधा मिली। शुगर और ब्लड प्रेशर से परेशान पुष्पकला ने बताया कि आर्थिक और अन्य कारणों से वे नियमित इलाज नहीं करा पा रही थीं, लेकिन शिविर में डॉक्टरों ने जांच कर जरूरी परामर्श और दवाइयों की जानकारी दी।
पुष्पकला मेश्राम ने स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए सरकार का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे शिविर गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए बड़ी मदद साबित हो रहे हैं। शिविरों में आयुष्मान कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों को मिल रही है, जिससे बड़ी संख्या में नागरिक लाभान्वित हो रहे हैं।