न्यूजरायगढ़
Trending

अदानी कोल माइंस के पास पार्किंग नहीं, सड़क पर भारी वाहनों का कब्जा! स्कूली बसों और ग्रामीणों की जान जोखिम में, कई गांवों को जोड़ने वाले मार्ग पर रोजाना जाम, आखिर जिम्मेदारों की नींद कब टूटेगी?

तमनार.अदानी माइंस से ख़म्हरीया तक जाने वाली सड़क पर भारी वाहनों की बेतरतीब पार्किंग ने आम जनता की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हैरानी की बात यह है कि इस मार्ग पर कई गांवों का आवागमन निर्भर है, लेकिन अदाणी माइंस के पास भारी वाहनों को खड़ा करने के लिए समुचित पार्किंग व्यवस्था नजर नहीं आती। नतीजा यह है कि ट्रक और अन्य भारी वाहन सड़क के दोनों ओर खड़े कर दिए जाते हैं और सार्वजनिक सड़क पार्किंग स्थल में तब्दील होती जा रही है।

इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूली बसों का भी आवागमन होता है। कई गांवों को जोड़ने वाली इस सड़क पर जब भारी वाहनों की कतार लग जाती है, तब स्कूली बसों और छोटे वाहनों को निकलने में भारी परेशानी होती है। जरा सोचिए, यदि जाम के बीच किसी स्कूली बस को रास्ता न मिले या सामने से कोई भारी वाहन आ जाए तो बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा? यह केवल यातायात की समस्या नहीं, बल्कि ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर सवाल है।

स्थानीय लोगों के लिए यह परेशानी कोई नई बात नहीं है। आए दिन सड़क पर जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटनाओं का खतरा मंडराता रहता है। भारी वाहनों की वजह से सड़क पर आवागमन बाधित होने से ग्रामीणों, विद्यार्थियों, मरीजों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सवाल उठता है कि औद्योगिक गतिविधियों के लिए भारी वाहनों की व्यवस्था तो है, लेकिन आम जनता के इस्तेमाल वाली सड़क को सुरक्षित और सुगम रखने की जिम्मेदारी किसकी है?

सबसे बड़ा सवाल अदानी माइंस प्रबंधन और जिम्मेदार प्रशासन से है कि आखिर अब तक स्थायी पार्किंग की व्यवस्था क्यों नहीं की गई? क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है? जिला प्रशासन और यातायात विभाग को तत्काल मौके का निरीक्षण कर सड़क पर खड़े भारी वाहनों पर कार्रवाई करनी चाहिए तथा खदान प्रबंधन को परिसर के भीतर पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देने चाहिए। कई गांवों को जोड़ने वाला यह सार्वजनिक मार्ग किसी कंपनी की पार्किंग नहीं बन सकता। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी जनता की इस गंभीर समस्या पर कब तक कार्रवाई करते हैं।

#AdaniMines #RoadSafety #SchoolBusSafety #TrafficProblem #RaigarhNews

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button