रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी और उससे जुड़े आर्थिक अपराधों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित सट्टा सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में साइबर सेल, कोतवाली और घरघोड़ा पुलिस की संयुक्त जांच में करन चौधरी, पुष्कर अग्रवाल और सुनील कुमार अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 1 करोड़ 2 लाख 81 हजार 300 रुपये नकद, नोट गिनने की मशीन, चार मोबाइल फोन सहित कुल 1 करोड़ 3 लाख 86 हजार 300 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी करन चौधरी ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के नेटवर्क का मुख्य संचालक था, जबकि पुष्कर अग्रवाल और सुनील कुमार अग्रवाल हवाला चैनल के जरिए सट्टे की ब्लैक मनी को व्हाइट करने में अहम भूमिका निभा रहे थे। पुलिस ने डिजिटल ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड, कॉल डिटेल, चैट रिकॉर्ड और वित्तीय दस्तावेजों के विश्लेषण से पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। कृष्ण प्राइड टावर स्थित फ्लैट पर छापेमारी के दौरान भारी नकदी बरामद कर हवाला नेटवर्क के अहम साक्ष्य जुटाए गए।
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी अपने निजी खातों के बजाय कर्मचारियों और परिचितों के खातों का इस्तेमाल कर आर्थिक लेनदेन कर रहे थे ताकि जांच एजेंसियों से बच सकें। आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध की धाराएं जोड़ी गई हैं और उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में सट्टा, हवाला और ब्लैक मनी से जुड़े किसी भी नेटवर्क पर इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
