रायगढ़ जिले के कई पेट्रोल और डीजल पंपों में आम उपभोक्ताओं के लिए तय सुविधाओं का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है। शासन की गाइडलाइन के अनुसार पेट्रोल पंपों पर स्वच्छ शौचालय, पीने का पानी, हवा भरने की सुविधा और अन्य बुनियादी ग्राहक सेवाएं उपलब्ध होना अनिवार्य है, लेकिन जमीनी स्थिति इससे बिल्कुल अलग दिखाई दे रही है। कई पेट्रोल पंपों में शौचालय बंद पड़े हैं, जबकि कुछ जगहों पर उनकी हालत बेहद खराब और उपयोग लायक नहीं है।
वाहन चालकों और यात्रियों का कहना है कि हवा भरने की मशीनें सिर्फ दिखावे के लिए रखी गई हैं। अधिकांश समय मशीनें बंद रहती हैं या खराब बताकर ग्राहकों को उपयोग नहीं करने दिया जाता। दूर-दराज से आने वाले यात्रियों, खासतौर पर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को शौचालय सुविधा नहीं मिलने से भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। लंबे सफर के दौरान लोगों को बीच रास्ते असुविधा और परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि जिले के सभी पेट्रोल पंपों की नियमित जांच कराई जाए और नियमों का पालन नहीं करने वाले संचालकों पर सख्त कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि जब उपभोक्ताओं से पूरा पैसा लिया जाता है तो सुविधाएं भी पूरी मिलनी चाहिए, केवल बोर्ड लगाकर नियमों का दिखावा अब नहीं चलना चाहिए।
