रायगढ़ जिले के लैलूंगा क्षेत्र में पुलिस ने अंतरराज्यीय उठाईगिरी, चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए मास्टरमाइंड अरविंद प्रताप सिंह उर्फ अरविंद नट को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने साथी ओमप्रकाश उर्फ बच्चा सिसोदिया के साथ छत्तीसगढ़, ओडिशा और मध्यप्रदेश के कई जिलों में सक्रिय था और 15 से अधिक वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है। गिरोह बैंक और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोगों को निशाना बनाता था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले बैंक और बाजार क्षेत्रों में रेकी करते थे, फिर मौका मिलते ही मोटरसाइकिल की डिक्की खोलकर या कार का शीशा तोड़कर रकम पार कर देते थे। सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने आरोपी को उस समय गिरफ्तार किया जब वह फिर से लैलूंगा क्षेत्र में वारदात की योजना बना रहा था। आरोपी के कब्जे से बिना नंबर की होंडा साइन मोटरसाइकिल, पेचकस और डुप्लीकेट चाबी बरामद की गई है।
आरोपी की गिरफ्तारी से लैलूंगा थाना क्षेत्र के चार मामलों का खुलासा हुआ है, जिनमें कुल 2,15,000 रुपए, 40,000 रुपए, 59,000 रुपए और 50,000 रुपए की चोरी शामिल है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि उसका साथी अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस ने आम लोगों से बैंक लेन-देन के दौरान सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना देने की अपील की है।
