
रायपुर, 12 मई 2026: भीषण गर्मी के बीच छत्तीसगढ़ में सूखते तालाबों को राहत देने के लिए जल संसाधन विभाग का विशेष अभियान तेजी से असर दिखा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप चलाए जा रहे इस अभियान के तहत प्रदेश के 4,755 तालाबों में नहरों के माध्यम से अब तक जलभराव किया जा चुका है। विभाग जरूरत के अनुसार शेष तालाबों को भरने का कार्य भी तेजी से कर रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की कमी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है।
जल संसाधन विभाग के अनुसार रायपुर जिले में निस्तारी हेतु प्रस्तावित 783 तालाबों में से 663, बलौदाबाजार-भाटापारा के 586 में से 504 तथा धमतरी जिले के 508 में से 329 तालाबों में पानी पहुंचाया जा चुका है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी इसी तरह तालाबों को नहरों से भरा जा रहा है, जिससे लोगों की दैनिक जरूरतों के साथ जल संकट का तत्काल समाधान हो सके। विभाग का यह प्रयास केवल तात्कालिक राहत तक सीमित नहीं है, बल्कि जल संरक्षण और भू-जल पुनर्भरण की दिशा में भी अहम साबित हो रहा है।
नहरों से तालाबों में छोड़ा गया पानी धीरे-धीरे जमीन में रिसकर भू-जल स्तर बढ़ाने में मदद कर रहा है, जिससे कुएं और हैंडपंप लंबे समय तक जलयुक्त बने रहेंगे। यह पहल जल संरक्षण की सामूहिक सोच को मजबूत करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी जल प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बन रही है।