रायगढ़ पुलिस द्वारा जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के ग्राम एकताल स्कूलपारा में पुलिस ने बड़ी रेड कार्रवाई करते हुए 50 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में आरोपी संदीप चौहान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम एकताल निवासी संदीप चौहान अपने घर के पास अवैध रूप से महुआ शराब का निर्माण और बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 6 मई 2026 को गांव में दबिश दी। घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया, जिसने पूछताछ में अपना नाम संदीप चौहान पिता सत्यनारायण चौहान उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम एकताल स्कूलपारा थाना चक्रधरनगर जिला रायगढ़ बताया। तलाशी के दौरान आरोपी ने अपने घर की बाड़ी से दो प्लास्टिक झिल्ली में रखी कच्ची महुआ शराब पेश की, जिसमें एक झिल्ली में 30 लीटर और दूसरी में 20 लीटर शराब भरी हुई थी।
पुलिस ने मौके पर कुल 50 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 10 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के पास शराब निर्माण और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर गवाहों की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई कर शराब एवं शराब निर्माण में प्रयुक्त सामान जब्त किया गया। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक रवि साय, आरक्षक संदीप कौशिक, चन्द्र कुमार बंजारे और आरक्षक मिनकेतन पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि जिले में अवैध शराब, नशे और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
