रायपुर। सुशासन तिहार के तहत खैरागढ़ वनमंडल द्वारा रोजगार सृजन की दिशा में अहम पहल करते हुए ग्राम आमगांव के समाज प्रमुख विष्णु ठाकरे को टेंट एवं बर्तन सामग्री प्रदान की गई। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग छत्तीसगढ़ शासन के राज्य कैम्पा मद से उपलब्ध कराई गई यह सामग्री मुख्यमंत्री के हाथों सौंपे जाने पर ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला।
इस पहल का उद्देश्य गांवों में सामाजिक और पारंपरिक आयोजनों के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना है। ग्रामीणों का मानना है कि इससे आयोजन संबंधी सुविधाएं गांव में ही उपलब्ध होंगी और लोगों को अतिरिक्त आय का माध्यम भी मिलेगा।
समाज प्रमुख विष्णु ठाकरे ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि इस सहयोग से गांव में सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा होगी और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा। ग्रामीणों ने इसे स्थानीय समुदाय को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
