छत्तीसगढ़न्यूज

बादाम देकर विरोध करने वाले युवक के मामले में कार्रवाई, हाउसिंग बोर्ड के दो अधिकारी हटाए गए

बिलासपुर में हाउसिंग बोर्ड के एक मामले में फाइल लंबित रखने पर विभागीय कार्रवाई करते हुए दो अधिकारियों को हटा दिया गया है। तिफरा स्थित एक फ्लैट के नामांतरण की प्रक्रिया को लंबे समय तक अटकाने के मामले में आयुक्त ने जांच के बाद कार्यपालन अभियंता और एक वरिष्ठ सहायक को तत्काल प्रभाव से उनके मूल पद पर अटैच कर दिया।

मामला तब सामने आया जब आवेदक तोरण साहू ने कार्यालय पहुंचकर अनोखे तरीके से विरोध जताया। उन्होंने अधिकारी की टेबल पर बादाम रखकर तंज कसते हुए कहा कि इसे खाकर याददाश्त बढ़ाएं ताकि काम समय पर हो सके। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही विभाग में हलचल मच गई और उच्च अधिकारियों ने तत्काल संज्ञान लिया।

जांच में सामने आया कि नामांतरण से जुड़ा पत्र तैयार होने और जावक नंबर जारी होने के बावजूद उसे हितग्राही तक नहीं पहुंचाया गया, बल्कि फाइल में दबाकर रखा गया था। एक साल तक कार्यालय के चक्कर लगाने के बाद यह मामला उजागर हुआ। आयुक्त ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए कार्रवाई की और स्पष्ट किया कि डिजिटल व्यवस्था के दौर में इस तरह की देरी और अनियमितता स्वीकार्य नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button