रायगढ़ जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। FIR के अनुसार ग्राम कोतरा निवासी एकांत पटेल 10 मई की शाम पटेलपाली स्थित गोपी ट्रेडर्स के सामने मेन रोड पर स्कूटी से जा रहा था, तभी पीछे से आई सुजुकी रिट्ज कार क्रमांक CG 13 UA 6251 ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अपेक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां रात करीब 9 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के चाचा बंशीधर पटेल की शिकायत पर जूटमिल थाना पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। FIR में बताया गया है कि कार चालक तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था, जिसकी वजह से हादसा हुआ। घटना की जानकारी प्रत्यक्षदर्शियों कार्तिक गुप्ता और दिनेश चौधरी ने परिजनों को दी।
पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 184 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह पटेल को सौंपी गई है।
