रायपुर। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत जशपुर जिले में शुक्रवार को आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 65 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में संचालित इस योजना के अंतर्गत हिंदू और ईसाई समुदाय के नवदंपत्तियों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न कराया गया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण एक मूकबधिर जोड़ा रहा, जिसने बगीचा परियोजना क्षेत्र में विवाह कर लोगों को प्रेरित किया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।
जिले के विभिन्न परियोजना क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में बगीचा में 20, कांसाबेल में 12 और बागबहार में 32 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। बगीचा में 13 हिंदू और 7 ईसाई, कांसाबेल में 9 हिंदू और 3 ईसाई तथा बागबहार में 6 हिंदू और 26 ईसाई समुदाय के जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। कार्यक्रम में जिला पंचायत और जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना को सामाजिक समरसता और सहयोग की भावना को मजबूत करने वाली पहल बताया।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित इस योजना के तहत प्रत्येक जोड़े को कुल 50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाती है। इसमें 8 हजार रुपये विवाह आयोजन, 7 हजार रुपये उपहार सामग्री और 35 हजार रुपये वधु के नाम चेक के रूप में दिए जाते हैं। नवदंपत्तियों को वैवाहिक प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया। योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए सम्मानपूर्वक विवाह का माध्यम बनकर सामने आ रही है।
