रायगढ़ में “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रेलवे स्टेशन के बाहर पार्किंग क्षेत्र से करीब 18 किलो गांजा के साथ ओडिशा के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। कोतवाली, साइबर थाना और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 17.726 किलोग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन समेत कुल 1.79 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी गांजा को मध्यप्रदेश के खुरई में बिक्री के लिए ले जा रहे थे।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के सामने शिव मंदिर के पास तीन संदिग्ध बैग लेकर बैठे हैं। सूचना पर संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर सिद्धांत गोन्डा, कश्यप साहनी और चंद्रिका साहनी को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान अलग-अलग बैग और ट्रॉली से 6.382 किलो, 8.084 किलो और 3.304 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ओडिशा के कंधमाल जिले से खरीदकर ट्रेन के जरिए रायगढ़ पहुंचे थे और आगे खुरई जाने के लिए वाहन तलाश रहे थे। आरोपियों के पास मादक पदार्थ परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।
शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस नशे के अवैध कारोबारियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और “ऑपरेशन आघात” के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
