रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम सलखिया में अज्ञात चोरों ने एक शिक्षक के सूने घर को निशाना बनाते हुए 1 लाख 15 हजार रुपये के जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी लक्ष्मीनारायण साहू आर्य पूर्व माध्यमिक शाला सलखिया में शिक्षक हैं। वे 3 मई 2026 को परिवार के साथ अपने पैतृक गांव लोहर्सी (ख), जिला जांजगीर-चांपा गए थे। 13 मई को वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के दरवाजे का कुंदा, ताला और अलमारी टूटी हुई थी तथा सामान बिखरा पड़ा था।
शिकायत में बताया गया है कि अज्ञात चोर घर से सोने-चांदी के जेवर और 35 हजार रुपये नगद चोरी कर ले गए। मामले में लैलूंगा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 और 331(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा आरोपियों की तलाश की जा रही है।
