बलरामपुर जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नियम विरुद्ध खनन में इस्तेमाल हो रही चौन माउंटेड पोकलेन मशीन जब्त की है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश पर खनिज विभाग ने रामचंद्रपुर विकासखंड के धौली लिबरा रेत खदान क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया, जहां कन्हर नदी किनारे अवैध उत्खनन की पुष्टि हुई।
खनिज अधिकारी राहुल गुलाटी ने बताया कि शिकायतों के आधार पर की गई जांच में पांगन नदी क्षेत्र में अवैध रेत खनन, भंडारण और परिवहन के कई मामले सामने आए हैं। इससे पहले भी प्रशासन ने जेसीबी और हाइवा वाहन जब्त कर जुर्माना वसूला था। मई 2026 में राजपुर, बरियों और शंकरगढ़ क्षेत्रों से अवैध रेत परिवहन करते 19 वाहन पकड़े गए हैं।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले में अवैध खनन से जुड़े 152 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें से 142 मामलों का निराकरण कर 35 लाख रुपये से अधिक की वसूली की गई। वहीं 2026-27 में अब तक 12 प्रकरण दर्ज कर करीब 1.78 लाख रुपये की वसूली की जा चुकी है। प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
