न्यूज

थाना-चौकी भ्रमण से छात्र-छात्राओं को पुलिस कार्यप्रणाली की मिली जानकारी, जागरूकता और आत्मविश्वास में वृद्धि

सरगुजा जिले में डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में छात्र-छात्राओं के लिए थाना/चौकी का शैक्षणिक एवं जागरूकता भ्रमण कराया गया। इस दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले स्कूलों के बच्चों ने सीसीटीएनएस कक्ष, रोजनामचा, बंदीगृह, मालखाना और शस्त्रागार का अवलोकन कर पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। भ्रमण के दौरान बच्चों में उत्साह देखा गया और उन्होंने पुलिस व्यवस्था को लेकर अपनी जिज्ञासाएं भी व्यक्त कीं।

पुलिस टीम द्वारा बच्चों को गुड टच-बैड टच, पोक्सो एक्ट, जेजे एक्ट, साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही महिला हेल्पलाइन 181, डायल 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 जैसी सेवाओं के उपयोग के बारे में भी समझाया गया। बच्चों को बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी बिना संकोच पुलिस और अभिभावकों से साझा करें, जिससे समय रहते उचित कार्रवाई हो सके।

इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में विधिक जागरूकता बढ़ाना, पुलिस के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना और उन्हें नशे के दुष्परिणामों से अवगत कर स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारियों, पुलिस अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे बच्चों के आत्मविश्वास और सुरक्षा संबंधी जागरूकता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button