जशपुर जिले के थाना बागबहार क्षेत्र के ग्राम हल्दी झरिया, बढ़ई पारा में एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां 16 अप्रैल 2026 की शाम करीब 4:30 बजे घरेलू विवाद के दौरान बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। मृतक की पहचान 45 वर्षीय सदानंद नाग के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका बेटा 26 वर्षीय विजय कुमार नाग है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जिसमें सिर पर गंभीर चोट के कारण हत्या की पुष्टि हुई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी विजय नाग, मृतक की पहली पत्नी का बड़ा बेटा है और घर में किसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद चल रहा था। विवाद के दौरान आरोपी ने आवेश में आकर लकड़ी की फाड़ी से पिता के सिर और माथे पर वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। मृतक की पत्नी की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी की फाड़ी भी बरामद की गई है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर 18 अप्रैल 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस पूरे मामले में थाना बागबहार पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
