क्राइमछत्तीसगढ़न्यूज

### ऑपरेशन शंखनाद: गौ तस्करी का फरार सरगना संजीव सिंह गिरफ्तार, जशपुर पुलिस ने 40 आपराधिक मामलों में दर्ज आरोपी को भेजा जेल

जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन शंखनाद के तहत गौ तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे कथित मुख्य आरोपी संजीव सिंह उर्फ संजू सिंह (41 वर्ष) को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। चौकी सोनक्यारी और थाना कुनकुरी पुलिस की संयुक्त टीम ने 25 नवंबर की रात करीब 12 बजे कुनकुरी स्थित उसके घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ चौकी सोनक्यारी में अपराध क्रमांक 30/26 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत मामला दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद 26 नवंबर को उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

मामला 10 अप्रैल 2026 का है, जब सोनक्यारी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम गुल्लू में ईब नदी के पास अवैध रूप से पैदल हांककर ले जाए जा रहे 10 गौवंशों को मुक्त कराया था। इस दौरान पुलिस ने मुकेश राम को गिरफ्तार किया था, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए थे। पूछताछ में मुकेश राम ने बताया था कि मवेशियों को संजीव सिंह उर्फ संजू सिंह, शंभू यादव और भादरो यादव के कहने पर कजरा से गुल्लू नदी तक ले जाया जा रहा था। घटनास्थल से पुलिस ने संजीव सिंह की बताई जा रही डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG-14-MP-8942 भी जब्त की थी। पुलिस के अनुसार, संजीव लगातार गिरफ्तारी से बच रहा था, लेकिन मुखबिर की सूचना और तकनीकी टीम की मदद से उसकी लोकेशन कुनकुरी में मिलने पर उसे पकड़ लिया गया।

डीआईजी एवं जशपुर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी है और उसके विरुद्ध जिले के विभिन्न थाना-चौकियों में पशु तस्करी, लूट, चोरी सहित करीब 40 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अब उसके अन्य आपराधिक मामलों और पशु तस्करी से जुड़ी गतिविधियों की भी जांच कर रही है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी प्रशिक्षु उप निरीक्षक मोहन लाल मरकाम सहित सोनक्यारी एवं कुनकुरी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button