रायगढ़ जिले के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र स्थित बैंक कॉलोनी में लॉकर से सोने-चांदी के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़िता सावित्री पटेल की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 0232/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी गए जेवरों की कीमत करीब 48 हजार रुपये बताई गई है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि किराये के मकान में रहने और चोरी की आशंका के चलते उन्होंने अपने सोने-चांदी के जेवर परिचित मनमोहन डनसेना के बैंक कॉलोनी स्थित मकान में अलमारी के लॉकर में रखे थे। लॉकर की चाबी उनके पास रहती थी और समय-समय पर जेवरों की जांच भी की जाती थी। 13 मार्च 2026 को उनकी बेटी दीप्ती पटेल ने लॉकर चेक किया था, तब सभी जेवर सुरक्षित मिले थे।
पीड़िता के अनुसार 1 मई 2026 को सुबह करीब 10 बजे जब उन्होंने लॉकर खोलकर देखा तो अलमारी खुली हुई थी और अंदर रखे सोने-चांदी के जेवर गायब थे। परिवार से चर्चा और तलाश के बाद 11 मई 2026 को चक्रधरनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(a) और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
