सरगुजा जिले के चौकी केदमा क्षेत्र में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां चचेरे भाई ने ही अपने रिश्तेदार की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना 16 अप्रैल की रात करीब 11 बजे की है, जब कमलेश मंझवार और आरोपी प्यारी राम मंझवार के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गुस्से में आरोपी ने पहले कारी लकड़ी बहिंगा से सिर पर वार किया और फिर हंसिया से गर्दन पर गंभीर चोट पहुंचाकर कमलेश की हत्या कर दी। सूचना मिलने पर परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव को घर की परछी में पड़ा पाया।
मामले में प्रार्थी जगत राम मझवार की रिपोर्ट पर चौकी केदमा थाना उदयपुर में अपराध क्रमांक 67/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण, गवाहों के बयान और शव पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कारी लकड़ी बहिंगा और हंसिया को जब्त कर लिया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य सक्रिय रहे, वहीं गंभीर अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात पुलिस ने दोहराई है।
