बड़ी खबर : पेड़ पर झूलता मिला अज्ञात शव: रैरुमा काजूबाड़ी में मचा हड़कंप, हत्या या आत्महत्या—जांच में जुटी पुलिस
धर्मजयगढ़ थाना अंतर्गत रैरुमा चौकी क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब काजूबाड़ी के पास एक पेड़ पर अज्ञात व्यक्ति का शव लटका हुआ मिला। सुबह स्थानीय लोगों की नजर जैसे ही शव पर पड़ी, इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही रैरुमा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि मृतक के बारे में कोई जानकारी मिल सके।
पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर हर पहलू से जांच कर रही है, जिसमें आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल शामिल हैं। फिलहाल अज्ञात शव मिलने से पूरे क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के बारे में कोई जानकारी हो तो तत्काल सूचित करें।
