न्यूजरायगढ़

तेज रफ्तार हाईवा ने साइकिल सवार बुजुर्ग को कुचला, मौके पर मौत

रायगढ़ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे हाईवा ट्रक ने एक बुजुर्ग साइकिल सवार को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना 15 अप्रैल 2026 की शाम करीब 6:30 बजे ईला मॉल के सामने मेन रोड पर हुई, जहां कुसमुरा निवासी नरसिंह चौहान अपनी भांजी की शादी का कार्ड बांटने साइकिल से जा रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीछे से आ रहे हाईवा ट्रक क्रमांक CG 13 AR 6163 के चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए नरसिंह चौहान को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि उनके शरीर को गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई। दुर्घटना में साइकिल भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव को जिला अस्पताल रायगढ़ भिजवाया गया।

मामले में मृतक के पुत्र कार्तिक राम चौहान की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ धारा 184 मोटर व्हीकल एक्ट एवं 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button