
बिलासपुर के जैन इंटरनेशनल स्कूल में 7 छत्तीसगढ़ बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में जनरल रावत इंटर-इंस्टिट्यूशनल ड्रिल एवं परमवीर मेजर होशियार सिंह स्मृति शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें 8 महाविद्यालय और 13 विद्यालयों के लगभग 600 कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में कमांडिंग ऑफिसर कर्नल लोकेश देव और प्राचार्य डॉ. एस.एस. राजपूत की प्रमुख भूमिका रही, जबकि मुख्य अतिथि आईजी बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग रहे।
कार्यक्रम का स्वागत प्राचार्य एवं उप प्राचार्य द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि रामगोपाल गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं कैडेट्स में नेतृत्व क्षमता, टीम वर्क और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करती हैं। उन्होंने प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में और बेहतर करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में ड्रिल और फायरिंग दोनों वर्गों में कैडेट्स ने शानदार प्रदर्शन किया। बेस्ट ड्रिल कमांडर में जेडी/डब्ल्यू वर्ग में प्राची यादव और एसडी/एसडब्ल्यू वर्ग में हर्ष सिंह प्रथम रहे, जबकि टीम ड्रिल में एमएलबी बिलासपुर, डीएवी पब्लिक स्कूल और सीएमडी कॉलेज ने शीर्ष स्थान हासिल किया। फायरिंग प्रतियोगिता में आदर्श सिंह देव और अलवीरा नाज व्यक्तिगत वर्ग में विजेता बने, जबकि टीम वर्ग में जैन इंटरनेशनल स्कूल बिलासपुर प्रथम रहा। विजेताओं को ट्रॉफी, प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया तथा कार्यक्रम का समापन एनसीसी गान और राष्ट्रगान के साथ हुआ।