क्राइमछत्तीसगढ़रायगढ़

क्राइम मीटिंग में एसएसपी शशि मोहन सिंह सख्त, लंबित अपराधों के त्वरित निराकरण और गुणवत्तापूर्ण विवेचना के दिए निर्देश

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम में जिले की मासिक क्राइम मीटिंग लेकर कानून-व्यवस्था, लंबित अपराधों और विवेचनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में रायगढ़, खरसिया और धरमजयगढ़ अनुविभाग के सभी थाना प्रभारियों से हत्या, हत्या के प्रयास, पॉक्सो, चोरी, महिला अपराध, गुम इंसान और मर्ग प्रकरणों की प्रगति की जानकारी ली गई। एसएसपी ने सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण कर गुणवत्तापूर्ण विवेचना के साथ शीघ्र चालान न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में वर्ष 2025 की तुलना में वर्ष 2026 के पहले छह माह के कार्यों का रिपोर्ट कार्ड भी प्रस्तुत किया गया। एसएसपी ने थाना प्रभारियों के प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए अपराधों के निराकरण में तेजी लाने, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई बढ़ाने तथा जुआ, सट्टा, अवैध शराब, बदमाशों की निगरानी और अन्य माइनर एक्ट के मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना है, जिसके लिए समयबद्ध और सशक्त विवेचना आवश्यक है।

मानसून के दौरान संभावित समस्याओं को देखते हुए बैठक में यातायात व्यवस्था और रोड इंजीनियरिंग पर भी विशेष चर्चा हुई। एसएसपी ने यातायात शाखा को सड़क क्षति, जलभराव और जाम जैसी समस्याओं से निपटने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नागरिकों और संबंधित विभागों के समन्वय से यातायात को सुरक्षित और सुगम बनाने पर जोर दिया।

क्राइम मीटिंग में जिले के प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को भी शामिल किया गया। प्रशिक्षण के दौरान सीसीटीएनएस सहित पुलिस के तकनीकी कार्यों में दक्षता विकसित करने पर बल दिया गया। इसके बाद आयोजित कार्यशाला में डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने केस स्टडी के माध्यम से विवेचना में होने वाली सामान्य त्रुटियों और उनसे बचने के उपायों की जानकारी देते हुए वैज्ञानिक एवं विधिक दृष्टिकोण से जांच करने की आवश्यकता बताई।

बैठक में महानदी से लगे संवेदनशील क्षेत्रों में संभावित बाढ़ की स्थिति की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने थाना प्रभारियों को कोटवारों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से सतत संपर्क बनाए रखने, संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने तथा बाढ़ एवं आपदा प्रबंधन के लिए अग्रिम कार्ययोजना तैयार रखने के निर्देश दिए। बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा सहित जिले के सभी एसडीओपी, डीएसपी, थाना एवं चौकी प्रभारी मौजूद रहे। अंत में एसएसपी ने कहा कि “जनता को समय पर न्याय दिलाना हमारी सर्वोच्च जिम्मेदारी है और प्रत्येक विवेचना गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध तथा कानून सम्मत होना ही रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button