जशपुर जिले के लोदाम थाना क्षेत्र में जशपुर पुलिस ने “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 27 नग गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। पुलिस पेट्रोलिंग टीम ने रूपसेरा के पास नेशनल हाईवे पर संदिग्ध ट्रक क्रमांक JH-01.AR-7060 को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ट्रक को तेज रफ्तार से भगाने लगा। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर भलमंडा चौक के पास आरोपी ट्रक छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गए।
पुलिस टीम जब ट्रक तक पहुंची तो उसमें 27 गौवंशों को ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। सभी गौवंशों को सुरक्षित बाहर निकालकर पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। मामले में थाना लोदाम में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1961 की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई है। तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ लाल उमेद सिंह ने बताया कि गौ तस्करी में शामिल फरार आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और मामले में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, आरक्षक बसंत खुटिया, सुरेन्द्र एक्का और गजानंद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
