सरगुजा, 06 मई 2026। देवरी रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान शराब के नशे में मोटरसाइकिल चला रहे युवक पर बतौली पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 29 अप्रैल 2026 को चेकिंग के दौरान TVS अपाचे बाइक क्रमांक CG15EG 3203 का चालक पुलिस के रोकने पर नहीं रुका और लापरवाही से वाहन चलाता पाया गया। चालक की पहचान सोनू कुमार (29 वर्ष) निवासी उरदरा, थाना लुंड्रा, जिला सरगुजा के रूप में हुई।
पुलिस ने चालक का मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185, 3/181 और 29/194(D) के तहत मामला दर्ज कर बाइक जब्त की गई और आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने 05 मई 2026 को आरोपी पर 11 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया।
पूरी कार्रवाई में थाना बतौली के प्रभारी निरीक्षक विवेक सेंगर की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की अपील की है।
