रायगढ़ पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत आयोजित “पुलिस यूथ यूनिटी स्पोर्ट्स” कार्यक्रम अंतर्गत दो दिवसीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को के अग्रोहा भवन में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत शक्ति स्वरूप हनुमान जी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई। इस अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों, अभिभावकों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों की बड़ी उपस्थिति देखने को मिली। प्रतियोगिता में जिले के 10 ताइक्वांडो क्लबों के कुल 170 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिन्हें अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग में गर्ल्स एवं बॉयज श्रेणी में प्रतिस्पर्धा का अवसर दिया गया है। उद्घाटन दिवस पर गर्ल्स वर्ग के मुकाबले कराए गए, जिनमें खिलाड़ियों ने अनुशासन, तकनीक और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में , , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, डीएसपी उन्नति ठाकुर सहित कई अधिकारी एवं अतिथि मौजूद रहे। अतिथियों ने रायगढ़ पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल सही मंच और उचित मार्गदर्शन की है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि रायगढ़ पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा देना, खेलों से जोड़ना और उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करना भी है। उन्होंने कहा कि खेलों से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का विकास होता है, इसलिए युवाओं को अधिक से अधिक खेल मैदान से जुड़ना चाहिए। आयोजन को सफल बनाने में वरिष्ठ कोच सहित सभी प्रशिक्षकों, रेफरी और खेल अधिकारियों का विशेष योगदान रहा।
प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर दिव्यांग बच्चों द्वारा प्रस्तुत ताइक्वांडो प्रदर्शन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। बच्चों ने अपने अदम्य साहस, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट तकनीक से उपस्थित सभी लोगों का दिल जीत लिया। उनके प्रदर्शन ने यह संदेश दिया कि प्रतिभा किसी परिस्थिति की मोहताज नहीं होती। आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों, कोच, ऑफिशियल्स और अभिभावकों के लिए भोजन एवं स्वल्पाहार की विशेष व्यवस्था भी की गई है। शनिवार को बॉयज अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग के मुकाबले कराए जाएंगे, साथ ही गर्ल्स और बॉयज दोनों वर्गों के फाइनल मैच भी होंगे। इसके बाद पुरस्कार वितरण समारोह के साथ इस दो दिवसीय आयोजन का भव्य समापन किया जाएगा। रायगढ़ पुलिस ने जिले के नागरिकों और खेल प्रेमियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
