क्राइमन्यूज

साले और भाभी ने मिलकर जीजा की पिटाई की, इलाज के दौरान मौत—दोनों आरोपी गिरफ्तार

जशपुर जिले के चौकी कोतबा क्षेत्रांतर्गत ग्राम फरसाटोली में पारिवारिक विवाद ने हत्या का रूप ले लिया। मृतक मुरली राम यादव का अपनी पत्नी सोनिया यादव के साथ प्रेम विवाह हुआ था, जिससे दोनों पक्षों के बीच पहले से तनाव बना रहता था। 30 मार्च 2026 की रात बेटे के जन्मदिन के बाद मृतक अपनी पत्नी के मायके पहुंचा, जहां शराब के नशे में उसका छोटे साले शिवकुमार यादव और भाभी मिथिला यादव से विवाद हो गया।

विवाद के दौरान आरोप है कि शिवकुमार यादव ने मुरली राम यादव को जमीन पर पटककर उसके सीने और पेट पर लात-मुक्कों से हमला किया, जबकि मिथिला यादव ने डंडे से मारपीट की। बीच-बचाव के बाद मृतक अपने घर लौट गया, लेकिन अगले दिन तबीयत बिगड़ने पर उसे पहले सीएचसी कोतबा और फिर उड़ीसा के सुंदरगढ़ मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां 4 अप्रैल 2026 को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सीने में गंभीर चोट के कारण मौत को हत्यात्मक पाए जाने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की। चौकी कोतबा थाना बागबहार में बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 18 अप्रैल 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया है, जबकि जांच और गिरफ्तारी में पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button