रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में 17 अप्रैल 2026 की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। ग्राम बड़े भंडार बाजार चौक के पास अज्ञात वाहन चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल सवार भानू लाल सिदार को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना शाम करीब 6:45 बजे की बताई जा रही है, जिसकी सूचना मिलने पर परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे।
मृतक के पिता अहिवरण सिदार ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनका बेटा भानू लाल सिदार टीवीएस सुपर एक्सल क्रमांक CG13-AW-7607 से ग्राम बोंदा से कोतमरा एक शादी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान बड़े भंडार बाजार चौक के पास अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उसके सिर, दाहिने हाथ और उंगलियों में गंभीर चोटें आईं, जिससे मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। बाद में शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर लाया गया।
पुसौर थाना पुलिस ने मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत अपराध क्रमांक 0113/26 दर्ज कर लिया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर आरोपी वाहन और चालक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
