रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में स्थित मांड सिंचाई कॉलोनी के शासकीय आवास में चोरी का मामला सामने आया है। प्रार्थिया कु. स्नेहा बघेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 12 अप्रैल को घर में ताला लगाकर बिलासपुर गई थीं और 16 अप्रैल की सुबह लौटने पर घर का ताला टूटा मिला तथा अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
जांच में सामने आया कि अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर एक सिलिंग पंखा, एक इंडक्शन चूल्हा, दो गैस सिलेंडर (एक भरा और एक खाली) तथा करीब 2-3 बोरी चावल चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 18,000 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है और अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
