छत्तीसगढ़न्यूजराजनीति

रायपुर : छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी रायपुर में मिशन कर्मयोगी के तहत संस्थागत क्षमता निर्माण कार्यशाला आयोजित

रायपुर, 18 अप्रैल 2026। क्षमता विकास आयोग के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी में मिशन कर्मयोगी के तहत एक दिवसीय संस्थागत क्षमता निर्माण कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें राज्य के लगभग 40 विभागों के नोडल अधिकारी, सचिव स्तर के अधिकारी और पर्यवेक्षकों ने भाग लिया। उद्घाटन सत्र में सचिव सामान्य प्रशासन विभाग अविनाश चंपावत ने कार्यशाला के उद्देश्य और प्रशासनिक दक्षता में क्षमता निर्माण की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यशाला के विभिन्न सत्रों में आईएएस कार्तिकेय गोयल ने रोल आधारित क्षमता निर्माण, महानिदेशक सुब्रत साहू ने प्रशिक्षण संस्थानों की भूमिका, जबकि ट्रिपल आईटी रायपुर के डायरेक्टर प्रोफेसर ओ.पी. व्यास ने एआई तकनीक के उपयोग पर विचार साझा किए। आई-गॉट कर्मयोगी की स्टेट नोडल ऑफिसर अंजू सिंह ने राज्य में कैडर आधारित प्रशिक्षण व्यवस्था की जानकारी दी। द्वितीय और तृतीय सत्र में अधिकारियों को समूहों में बांटकर थीम आधारित प्रेजेंटेशन तैयार कराए गए, जिनका प्रस्तुतीकरण कार्यशाला का प्रमुख आकर्षण रहा।

समापन सत्र में महानिदेशक सुब्रत साहू ने प्रेरक उद्बोधन देते हुए क्षमता विकास को प्रशासनिक सुधार का आधार बताया। कार्यक्रम के अंत में डायरेक्टर महावर ने आभार व्यक्त किया। कार्यशाला से विभागों के बीच समन्वय, नवाचार और दक्षता को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई गई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button