न्यूज

ऑपरेशन प्रहार: 5 वाहनों से 21 लाख का अवैध कबाड़ जब्त, 4 गिरफ्तार—रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रायगढ़, 16 अप्रैल। जिले में अवैध कबाड़ कारोबार पर शिकंजा कसते हुए “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 5 वाहनों से कुल 89.28 टन अवैध स्क्रैप कबाड़ जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपये है। इस कार्रवाई में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक कबाड़ से भरा ट्रक लावारिस हालत में बरामद हुआ है, जिसके मालिक की तलाश जारी है।

कार्रवाई के दौरान अग्रोहा प्लांट, तमनार चौक, महालक्ष्मी काटिंग प्रा.लि. और गेरवानी सलासर चौक क्षेत्रों में पुलिस ने 4 ट्रकों को पकड़ा, जिनमें बड़ी मात्रा में कबाड़ लोड था, लेकिन चालकों द्वारा कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में लाखों रुपये की संपत्ति जप्त कर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और बीएनएसएस की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चल रही इस कार्रवाई के तहत हाल ही में उद्योगों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे केवल वैध दस्तावेजों के आधार पर ही कबाड़ सामग्री का उपयोग करें। पुलिस ने सख्त संदेश दिया है कि अवैध कबाड़ के परिवहन, संग्रहण और कारोबार से जुड़े किसी भी नेटवर्क को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी लगातार सघन अभियान चलाकर ऐसी गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button