गंजपुर मेन रोड हादसे ने खोली पोल: जिले में मालवाहन गाड़ियों में खुलेआम सवारी ढुलाई, शादी सीजन में बढ़ा खतरा, हादसे में 2 की मौत, 17 घायल—जिम्मेदार कौन?
रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में गंजपुर मेन रोड पर हुए दर्दनाक पिकअप हादसे ने एक बड़ी लापरवाही को उजागर कर दिया है। मालवाहन के रूप में पंजीकृत पिकअप में क्षमता से अधिक लोगों को बैठाकर ले जाया जा रहा था, जिससे 2 लोगों की मौत और 17 लोग घायल हो गए। यह कोई एकल मामला नहीं है, बल्कि जिलेभर में खासकर शादी सीजन के दौरान पिकअप और अन्य मालवाहन गाड़ियों में खुलेआम सवारी ढुलाई का काम किया जा रहा है, जिससे हर दिन हादसे का खतरा बना रहता है।
हकीकत यह है कि माल ढोने के लिए बने इन वाहनों को अवैध रूप से यात्री परिवहन में लगाया जा रहा है, जहां ना सुरक्षा के इंतजाम होते हैं और ना ही नियमों का पालन। गंजपुर की घटना ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर ऐसे वाहन मालिकों और चालकों पर सख्त कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? क्या सिर्फ हादसे के बाद ही कार्रवाई होगी या फिर प्रशासन पहले से सख्ती दिखाएगा? जिले में कई जगहों पर यह “सवारी ढुलाई का कारोबार” खुलेआम चल रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की चुप्पी चिंता बढ़ा रही है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस गंभीर मुद्दे को लेकर कोई सघन अभियान चलाएगा? क्या मालवाहन गाड़ियों में सवारी बैठाने वाले वाहन मालिकों और चालकों पर कड़ी कार्रवाई होगी? गंजपुर हादसा एक चेतावनी है कि अगर समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो ऐसे हादसे आगे भी होते रहेंगे। जिलेवासियों की मांग है कि तुरंत विशेष अभियान चलाकर ऐसे वाहनों पर रोक लगाई जाए, ताकि बेगुनाह लोगों की जान बचाई जा सके।
