प्रेशर हॉर्न के खिलाफ सरगुजा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 32 बस–ट्रकों से 64,600 रुपये का जुर्माना वसूला
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा–निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा तेज आवाज वाले प्रेशर हॉर्न लगे भारी वाहनों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया गया। अंबिकापुर बस स्टैंड, रिंग रोड सहित प्रमुख मार्गों पर चेकिंग के दौरान बड़ी संख्या में बसों और ट्रकों में प्रेशर हॉर्न लगे पाए गए। पुलिस टीम ने मौके पर ही ऐसे हॉर्न निकलवाए और चालकों को निर्धारित मानक वाले सामान्य हॉर्न लगाने की समझाइश दी।
अभियान के दौरान कुल 32 बस एवं ट्रकों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 64,600 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। वाहन चालकों को बताया गया कि प्रेशर हॉर्न की तेज आवाज से राहगीरों और अन्य चालकों को असुविधा होती है, कई बार लोग घबरा जाते हैं जिससे वाहन असंतुलित होकर दुर्घटना का कारण बनते हैं। नागरिकों की सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि दोबारा किसी वाहन में प्रेशर हॉर्न लगा पाया गया तो संबंधित चालक एवं वाहन मालिक के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस विशेष चेकिंग अभियान में यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त, सहायक उप निरीक्षक चंद्रप्रकाश केरकेट्टा सहित आरक्षक विनोद राजवाड़े, आलोक गुप्ता, दिनय सिंह, तुलेश, रामप्रताप राजवाड़े और नगर सैनिक विजय साहू सक्रिय रूप से शामिल रहे।
