रायपुर : स्कूल के विद्यार्थियों ने देखा लोकभवन
रायपुर, 31 जनवरी 2026/ राज्यपाल रमेन डेका की पहल पर लोकभवन की गतिविधियों से जनसामान्य, विशेषकर विद्यार्थियों को जोड़ने के उद्देश्य से लोकभवन का भ्रमण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रायपुर मठपारा के 50 छात्र–छात्राओं ने अपने शिक्षकों के साथ आज लोकभवन का अवलोकन किया और यहां की कार्यप्रणाली को करीब से समझा।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने लोकभवन परिसर स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम, उदंती परिसर, कन्हार परिसर, डिस्पेंसरी उद्यान तथा सचिवालय की विभिन्न शाखाओं को देखा। बच्चों ने उत्सुकता के साथ प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी ली और राज्यपाल से मुलाकात कर सामूहिक फोटोग्राफी भी कराई।
इस अवसर पर राज्यपाल ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताया और उज्जवल भविष्य के लिए प्रेरित किया। सभी विद्यार्थियों को पौधे भेंट करते हुए घर, स्कूल और गांव में पौधारोपण कर उनकी नियमित देखभाल करने का संदेश दिया गया, ताकि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ सके।
