हनुमान मंदिर से दानपेटी की चोरी में शामिल 03 विधि से संघर्षरत बालकों पर वैधानिक कार्रवाई, सरगुजा पुलिस की त्वरित पहल
सरगुजा, 07 फरवरी 2026 – कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत 04 फरवरी की दरम्यानी रात हनुमान मंदिर में घुसकर दानपेटी से नगद राशि चोरी होने की सूचना प्राप्त हुई थी। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल जांच प्रारंभ की और आसपास के साक्ष्यों के आधार पर संदेहियों की पहचान की गई। पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए 03 विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान बालकों ने बताया कि अज्ञानता और जिज्ञासावश वे मंदिर में प्रवेश कर दानपेटी खोलकर देखने लगे, जिसमें से मिली कुछ रकम उनके द्वारा खर्च हो गई। पुलिस ने संपूर्ण घटनाक्रम का विधिवत परीक्षण करते हुए बालकों की सामाजिक पृष्ठभूमि तैयार की तथा नियमानुसार अग्रिम वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण की। पुलिस द्वारा यह भी समझाइश दी गई कि धार्मिक स्थलों की मर्यादा और कानून का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
उक्त संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकान्त सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, जयदीप सिंह, आरक्षक मनीष सिंह, उमाशंकर साहू, नितिन सिन्हा, विवेक राय एवं अतुल सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बच्चों को सही मार्गदर्शन दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को प्रदान करें।
