मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया 2026 के शासकीय कैलेंडर का विमोचन, ‘महतारी गौरव वर्ष’ थीम पर आधारित
रायपुर, 29 दिसंबर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में वर्ष 2026 के शासकीय कैलेंडर का विमोचन किया। राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2026 को ‘महतारी गौरव वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है और इसी अवधारणा पर आधारित यह कैलेंडर सशक्त एवं समृद्ध छत्तीसगढ़ के संकल्प को दर्शाता है।
कैलेंडर के मुख्य पृष्ठ पर छत्तीसगढ़ के पांच प्रमुख शक्तिपीठ—मां बमलेश्वरी डोंगरगढ़, मां महामाया रतनपुर, मां दंतेश्वरी दंतेवाड़ा, मां चंद्रहासिनी चंद्रपुर और मां कुदरगढ़ी सूरजपुर—को विशेष स्थान दिया गया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के छायाचित्र शामिल हैं। पृष्ठभूमि में सिरपुर एवं राजिम के मंदिर, आदिवासी संस्कृति, मधेश्वर पहाड़ और चित्रकोट जलप्रपात के ग्राफिकल चित्रण के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को उकेरा गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के लिए मातृशक्ति का सम्मान और सशक्तिकरण सर्वोच्च प्राथमिकता है। महतारी गौरव वर्ष महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक स्वावलंबन को समर्पित है। यह शासकीय कैलेंडर महिला सशक्तिकरण, जनकल्याणकारी योजनाओं और राज्य की उपलब्धियों का प्रतीक है, जो सशक्त एवं समृद्ध छत्तीसगढ़ के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा।
कैलेंडर के मासिक पृष्ठों में विभिन्न योजनाओं और अभियानों को विषयानुसार दर्शाया गया है। जनवरी में शक्तिपीठों का दर्शन, फरवरी में सघन पल्स पोलियो अभियान, मार्च में महतारी वंदन योजना, अप्रैल में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, मई में तेंदूपत्ता संग्रहण एवं चरण पादुका योजना, जून में बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ अभियान को शामिल किया गया है। जुलाई में महिला मुखिया के नाम से पीडीएस राशन कार्ड, अगस्त में रक्षाबंधन उत्सव, सितंबर में दीदी ई-रिक्शा योजना, अक्टूबर में शौर्य का सम्मान, नवंबर में सेवा ही संकल्प और दिसंबर माह को महिला सशक्तिकरण के प्रतीक रूप में प्रस्तुत किया गया है।
कैलेंडर विमोचन कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल, जनसंपर्क सचिव रोहित यादव, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत तथा आयुक्त जनसंपर्क रवि मित्तल उपस्थित रहे।
