न्यूज

ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध कबाड़ परिवहन पर कार्रवाई, टाटा माजदा सहित 4180 किलो कबाड़ जब्त

रायगढ़, 28 मार्च। जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना साइबर और चौकी खरसिया पुलिस ने अवैध कबाड़ परिवहन पर सख्त कार्रवाई करते हुए टाटा माजदा वाहन को पकड़कर 4180 किलो कबाड़ जब्त किया है। मुखबिर की सूचना पर रायगढ़ बायपास रोड के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका गया, जिसमें भारी मात्रा में कबाड़ लोहा, छड़, टीना और जंग लगा तार लोड मिला।

पुलिस द्वारा वाहन क्रमांक CG 13 AN 7028 के चालक टीपू मनिहार (34 वर्ष), निवासी तुर्रीभांठा बायपास रोड खरसिया से कबाड़ संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका और संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। संदेह के आधार पर पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू की।

चौकी खरसिया पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(क)(ड) और भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत करीब 5 लाख रुपये मूल्य का वाहन और 4180 किलोग्राम कबाड़ (करीब 15 हजार रुपये) जब्त किया है। इस संयुक्त कार्रवाई में चौकी खरसिया और थाना साइबर की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, वहीं पुलिस ने अवैध कबाड़ और चोरी के माल के कारोबार पर आगे भी सख्ती जारी रखने की चेतावनी दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button