न्यूज

रायपुर : उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आईईडी ब्लास्ट में घायल जवानों से अस्पताल में की मुलाकात

रायपुर, 31 जनवरी 2026 – उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा शनिवार शाम रायपुर के एक निजी अस्पताल पहुँचे, जहाँ उन्होंने बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र के कर्रेगुट्टा पहाड़ी में हुए आईईडी ब्लास्ट में घायल पुलिस जवानों से भेंट कर उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की स्थिति की जानकारी ली और जवानों के परिजनों से चर्चा कर उन्हें ढांढस बंधाया।

उपमुख्यमंत्री ने घायल जवानों से घटना के संबंध में जानकारी लेते हुए उनका मनोबल बढ़ाया और कहा कि शासन-प्रशासन हर परिस्थिति में उनके साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और अधिकारियों को निर्देश दिए कि जवानों के बेहतर व समुचित उपचार के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएँ। उन्होंने यह भी कहा कि नक्सल विरोधी अभियान में तैनात जवान अदम्य साहस और समर्पण के साथ देश-प्रदेश की सुरक्षा कर रहे हैं, उनका त्याग अतुलनीय है।

ज्ञात हो कि 25 जनवरी को कर्रेगुट्टा पहाड़ी क्षेत्र में एक के बाद एक छह आईईडी विस्फोट हुए थे, जिनकी चपेट में आकर डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड के 12 जवान घायल हो गए थे। घटना के बाद सभी घायलों को एयरलिफ्ट कर रायपुर लाया गया, जहाँ निजी अस्पताल में उनका उपचार जारी है। इनमें से छह जवान स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि शेष जवानों की स्थिति में भी लगातार सुधार दर्ज किया जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button