न्यूज

साइड देने की बात पर विवाद, युवक ने गैस एजेंसी कार्यालय में घुसकर की मारपीट

रायगढ़। चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में साइड देने की बात को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक द्वारा गैस एजेंसी कार्यालय में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजा अग्रवाल गैस की होम डिलिवरी का काम करते हैं। 11 मार्च की सुबह वे अपने ऑटो से बोईरदादर रोड स्थित प्रियदर्शनी एचपी गैस ऑफिस जा रहे थे, तभी सुभाष चौक के पास एक मोटरसाइकिल चालक से साइड देने की बात को लेकर बहस हो गई। बाद में वह अपने काम पर गैस कार्यालय पहुंच गए, जहां कुछ देर बाद वही युवक कार्यालय के अंदर घुस गया और गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी।

मारपीट के दौरान धक्का लगने से राजा अग्रवाल के सिर के पीछे चोट लग गई और खून निकलने लगा। कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी ने अपना नाम रिहान खान निवासी छोटे अतरमुड़ा बताया। घायल को इलाज के लिए संजीवनी अस्पताल ले जाया गया। बाद में पीड़ित की शिकायत पर चक्रधरनगर थाना में मामला दर्ज कर पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button