कोरबा के सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत टीपी नगर फाटक के पास मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक पर एक युवक का कटा हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। फाटक पर तैनात कर्मचारियों ने शव देख तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सीएसईबी चौकी पुलिस और रेलवे आरपीएफ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना तड़के सुबह की है।
गेटमैन महावीर ने बताया कि उन्हें राहगीरों से घटना की जानकारी मिली। मृतक ने पेंट-शर्ट पहन रखी थी और उसके पास घर की चाबी भी मिली है। युवक की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार शव की हालत को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि युवक ने चलती मालगाड़ी के सामने कूदकर आत्महत्या की हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। सीएसईबी चौकी प्रभारी ने बताया कि मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं और सोशल मीडिया के माध्यम से भी जानकारी साझा की जा रही है। पहचान होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
