न्यूज

सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, रायगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई

रायगढ़ पुलिस ने सोशल मीडिया पर श्री सत्यनारायण बाबा जी के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले युवक को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सरोज रात्रे (32 वर्ष), निवासी सलिहाभांठा, थाना उरगा, जिला कोरबा के रूप में हुई है। शिकायत मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर तत्काल अपराध दर्ज कर संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को कोरबा से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

मामला फेसबुक आईडी “Soozoo” से आपत्तिजनक वीडियो/पोस्ट शेयर किए जाने से जुड़ा है। थाना कोतरारोड़ और साइबर थाना ने संयुक्त रूप से अपराध क्रमांक 29/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 353 एवं 299 में प्रकरण दर्ज किया। साइबर विशेषज्ञों ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की, जिसके बाद पुलिस टीम ने कोरबा पहुंचकर उसे दबोच लिया।

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से आपत्तिजनक सामग्री शेयर करने में प्रयुक्त विवो मोबाइल फोन जप्त किया गया है। थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में मामले की विस्तृत विवेचना जारी है। पुलिस अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच कर रही है और विधि अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जिले की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल लगातार ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रख रही है। उन्होंने नागरिकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की है और चेतावनी दी है कि सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button