ऑपरेशन शंखनाद: रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 32 गौवंश मुक्त, कुख्यात तस्कर रब्बुल खान गिरफ्तार
रायगढ़, 11 फरवरी। जिले में गौवंश तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में लैलूंगा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 32 गौवंश को तस्कर के चंगुल से मुक्त कराया है। पुलिस ने ग्राम करवारजोर निवासी कुख्यात मवेशी तस्कर रब्बुल खान (39 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। जिले में मवेशी तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार निगरानी और कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के अनुसार 10 फरवरी को थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रब्बुल खान मवेशियों को क्रूरता पूर्वक मारते-पीटते हुए भूखे-प्यासे उड़ीसा की ओर ले जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम करवारजोर में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से 32 नग गौवंश बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 2 लाख 56 हजार रुपये बताई गई है। पूछताछ में आरोपी ने मवेशियों को बुचड़खाने ले जाना स्वीकार किया।
मुक्त कराए गए सभी गौवंश का पशु चिकित्सक से परीक्षण कराया गया और उन्हें सुरक्षित रूप से सलखिया गौशाला में रखने की व्यवस्था की गई है। आरोपी के विरुद्ध थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 41/2026 के तहत छत्तीसगढ़ पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं 11 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
उल्लेखनीय है कि बीते 7 फरवरी को भी लैलूंगा पुलिस ने तीन मवेशी तस्करों से 8 गौवंश मुक्त कराए थे। लगातार की जा रही इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत जिले में अवैध मवेशी परिवहन पर कड़ा नियंत्रण स्थापित किया जा रहा है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा है कि मवेशियों के अवैध परिवहन, तस्करी और क्रूरता को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा दोषियों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
