न्यूज

आकस्मिक निधन पर दो पुलिसकर्मियों के परिजनों को मिला 10–10 लाख का बीमा चेक, पुलिस सैलरी पैकेज बना संबल

रायगढ़, 3 फरवरी। ड्यूटी के दौरान आकस्मिक निधन होने पर जिले में पदस्थ स्वर्गीय प्रधान आरक्षक दिलीप ठाकुर की पत्नी श्रीमती सरस्वती सिंह ठाकुर एवं जीआरपी थाने में पदस्थ स्वर्गीय राम सिंह लकड़ा की पत्नी श्रीमती किरण लकड़ा को पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत 10–10 लाख रुपये की बीमा राशि का चेक प्रदान किया गया। यह चेक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह एवं एसबीआई शाखा पुसौर के प्रबंधक द्वारा सौंपते हुए शोकसंतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने दोनों परिवारों को ढांढस बंधाते हुए प्राप्त राशि के सदुपयोग की सलाह दी और किसी भी प्रकार के प्रलोभन से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि बड़ी धनराशि मिलने पर फर्जी निवेश योजनाओं और झूठे कॉल के माध्यम से ठगी की आशंका बढ़ जाती है। बैंक प्रबंधन ने भी आगाह किया कि ऐसे समय में सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है ताकि परिवार किसी आर्थिक धोखाधड़ी का शिकार न हो।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग केवल एक सेवा संस्था नहीं, बल्कि एक परिवार है और इस कठिन समय में पुलिस परिवार पूरी मजबूती से पीड़ित परिजनों के साथ खड़ा है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी पुलिसकर्मियों का पुलिस सैलरी पैकेज कराया गया है, जिसके अंतर्गत आकस्मिक दुर्घटना या निधन की स्थिति में एक करोड़ रुपये तक की बीमा राशि का प्रावधान है। डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने एसएसपी के सतत प्रयासों एवं एसबीआई प्रबंधन द्वारा समय पर दायित्व निभाने के लिए बैंक प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button