न्यूज

धरमपुर व गोरखा क्षेत्र में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई—10 लीटर महुआ शराब जब्त, स्टाईगर जुआ खिलाते तीन आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 10 फरवरी। जिले में अवैध शराब तथा जुआ-सट्टा के विरुद्ध पुलिस का अभियान लगातार तेज किया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में थाना जूटमिल पुलिस ने धरमपुर में मुखबिर सूचना पर दबिश देकर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस टीम ने आरोपी शिव कुमार चौहान उम्र 43 वर्ष के कब्जे से 10 लीटर महुआ शराब बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 2,000 रुपये है। आरोपी के विरुद्ध थाना जूटमिल में धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई। इस कार्यवाही में प्रधान आरक्षक रामनाथ बनर्जी, आरक्षक बंशीलाल रात्रे, परमानंद पटेल और आशा सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इसी कड़ी में थाना कोतरारोड़ पुलिस ने गोरखा स्थित जिंदल पार्किंग के पास जुआ-सट्टा पर प्रभावी कार्रवाई की। थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर स्टाईगर गोटी से जुआ खिलाते तीन व्यक्तियों को रंगे हाथ पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अजय चौहान, दिलेश्वर ओगरे और दिग्विजय सिंह बताए। पुलिस ने उनके कब्जे से 1,600 रुपये नगद तथा तीन नग स्टाईगर जब्त किए। आरोपियों के विरुद्ध थाना कोतरारोड़ में धारा 6 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2023 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब निर्माण, परिवहन और जुआ-सट्टा जैसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस प्रकार के अवैध कृत्यों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशा और गैरकानूनी गतिविधियों से मुक्त रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button