न्यूज

बड़ी खबर : जशपुर–रायगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 112 किलो 770 ग्राम गांजा जब्त, 56 लाख की जप्ती के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

जशपुर और रायगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में “ऑपरेशन आघात” के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। पत्थलगांव के पुरानी बस्ती के पास नाकाबंदी कर पुलिस ने एक संदिग्ध टोयोटा इलियट कार (DL-3CB-5298) से 112 किलो 770 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया। कार्रवाई के दौरान कार सवार दो तस्करों—संजीव कुमार नट (30 वर्ष, इटावा उत्तरप्रदेश) और विजय पंडित (28 वर्ष, वैशाली बिहार, वर्तमान लोनावाला पुणे)—को गिरफ्तार कर लिया गया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 54 लाख रुपये और कार की कीमत 2 लाख रुपये बताई गई है।

मामले में रायगढ़ जिले की लैलूंगा पुलिस से मिली मुखबिर सूचना के आधार पर जशपुर पुलिस अलर्ट हुई। संदिग्ध कार का पीछा करते हुए पत्थलगांव में जाल बिछाया गया। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर आरोपी कार लेकर भागने लगे, लेकिन तेज रफ्तार में वाहन अनियंत्रित होकर नाले के गड्ढे में फंस गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर वाहन की तलाशी ली, जिसमें सीट के नीचे छिपाकर रखी गई 7 प्लास्टिक बोरियों में 108 पैकेट गांजा मिला।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे गांजा उड़ीसा के संबलपुर से खरीदकर उत्तरप्रदेश ले जा रहे थे। वैध दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर थाना पत्थलगांव में NDPS एक्ट की धारा 20(B)(2)(C) के तहत मामला दर्ज कर दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही और खुलासे होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button