न्यूजरायगढ़

बड़ी खबर : तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से 5 माह की गर्भवती महिला की मौत, पति और 6 वर्षीय बेटा घायल

रायगढ़ जिले के क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंघनपुर मेन रोड पर 17 अप्रैल 2026 की सुबह करीब 9 बजे भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें उमा राठिया (उम्र 35 वर्ष) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वह करीब 5 माह की गर्भवती थीं। सूचना के अनुसार, मृतका अपने पति टीकाराम राठिया और 6 वर्षीय बेटे सोमनाथ राठिया के साथ स्कूटी में ग्राम बाड़ादरहा से अपने मायके सिंघनपुर आ रही थीं। जैसे ही वे सिंघनपुर मेन रोड पहुंचे, तभी ट्रेलर वाहन क्रमांक CG-13 AD-2483 ने तेज गति और लापरवाही से स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे महिला ट्रेलर के पिछले पहियों के बीच फंस गई और उसके शरीर का पेट वाला हिस्सा बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया, मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मृतका के भाई दुर्गेश राठिया को जेएसडब्ल्यू कंपनी नहरपाली में काम के दौरान मिली, जिसके बाद वह तुरंत मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर उन्होंने देखा कि बहन उमा राठिया ट्रेलर के पहियों के बीच फंसी हुई थी, जबकि पास में स्कूटी क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी थी और पति टीकाराम राठिया व बेटा सोमनाथ राठिया घायल अवस्था में थे, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। एफआईआर में उल्लेख है कि दुर्घटना ट्रेलर चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुई।

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1), 125(a) और 281 के तहत अपराध क्रमांक 0066/26 दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। घटना 17 अप्रैल 2026 को सुबह 9 बजे के आसपास घटित हुई, जिसकी रिपोर्ट उसी दिन रात 9:15 बजे दर्ज की गई। पुलिस द्वारा आरोपी ट्रेलर चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और पूरे मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button