रायगढ़ जिले के कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में महिला से घर में घुसकर छेड़छाड़ और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला के बेटे का परिचित था और इसी वजह से उसका घर आना-जाना था। घटना 29 अप्रैल 2026 की बताई गई है, जब महिला घर में अकेली थी और आरोपी शशिरंजन द्विवेदी गलत नियत से घर में घुस आया।
महिला ने शिकायत में बताया कि आरोपी ने हाथ और बांह पकड़कर छेड़छाड़ की तथा विरोध करने पर जबरदस्ती करते हुए मारपीट और धमकी दी। महिला किसी तरह वहां से निकलकर अपनी मां के घर पहुंची और बाद में पति को पूरी जानकारी दी। इसके बाद 2 मई को आरोपी ने महिला के बेटे को फोन कर धमकी भी दी। मामले की शिकायत 4 मई को थाना कोतरारोड़ में दर्ज कराई गई।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 135/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 76, 331(5) और 115(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपी शशिरंजन द्विवेदी (31 वर्ष) निवासी दरूआ जिला पलामू झारखंड, हाल निवासी कोतरारोड़ रायगढ़ को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। एसएसपी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के खिलाफ अपराध करने वालों पर रायगढ़ पुलिस की शून्य सहनशीलता की नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
